गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर के समीप एक गांव में युवती से छेड़खानी के विरोध में गए परिजनों पर हमला किए जाने से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले में हत्या, छेड़खानी और एससी-एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, 29 दिसंबर को गांव की एक युवती बाजार से घर लौट रही थी, तभी मंटू विश्वकर्मा ने बसहीं भगवती स्थान के पास उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती करने की कोशिश की। किसी तरह बचकर युवती घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। अगले दिन युवती के पिता और परिवार के सदस्य रमाकांत गोंड आरोपी के घर उलाहना देने पहुंचे। आरोप है कि वहां मंटू विश्वकर्मा, किशन विश्वकर्मा, छोटेलाल और उसकी पत्नी ने लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में रमाकांत गोंड गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहन को भी पीटा गया। रमाकांत का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा था, जहां बुधवार देर रात उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार की शाम शव घर पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा किया।
थानाध्यक्ष Rahul Singh ने बताया कि न्यायोचित कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर Hariram Yadav ने बताया कि नामजद चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

