गोपालगंज। शहर के हजियापुर खाड़ के समीप स्थित रामनरेश नगर चौधरी टोला में नगर थाने की पुलिस ने बंद कमरे में छापेमारी कर दो साइबर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन और एक टैब भी बरामद किया है। मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार साइबर अपराधियों की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के महैचा गांव निवासी वासुदेव साह के पुत्र सोनू कुमार और पूरन चंद्र सिंह के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब इनके साइबर नेटवर्क और ठगी के तरीकों की गहन पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर को सूचना मिली थी कि रामनरेश नगर चौधरी टोला में किराए के मकान में कुछ साइबर अपराधी रहकर ठगी की गतिविधियां चला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर बंद कमरे में छापेमारी की, जहां से साइबर अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन एप के माध्यम से लोगों को कम पैसे में ज्यादा कमाई का लालच देते थे। इसके बाद उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज अपलोड कराकर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कितने लोग जुड़े हैं और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।
