गोपालगंज। शुक्रवार की शाम शहर के मिंज स्टेडियम में भारी उत्साह के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तर बिहार प्रांत के 67वें अधिवेशन की शुरुआत हुई। अधिवेशन के पहले दिन सायंकाल अभाविप के पूर्व कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। वहीं शनिवार को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अधिवेशन का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डा. वीरेंद्र सिंह सोलंकी तथा जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के कुलपति प्रो. पर्वेंद्र कुमार बाजपेई की विशेष उपस्थिति रहेगी। प्रदर्शनी उद्घाटन से पूर्व अभाविप की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में 3 से 5 जनवरी तक चलने वाले तीन दिवसीय अधिवेशन की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रेस वार्ता में प्रांत मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि यह नियमित प्रांत अधिवेशन है, जिसमें बिहार की शैक्षणिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव, छात्र हितों से जुड़े विषयों और महापुरुष बिरसा मुंडा के योगदान पर विशेष चर्चा की जाएगी। नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी ने कहा कि उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए आवास, भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिवेशन संयोजक मुकुल शर्मा ने बताया कि सभी कार्यकर्ता स्वेच्छा से दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं और गोपालगंज की मेजबानी में यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा। नगर मंत्री सूरज कुमार चंदन ने कहा कि 21 वर्षों बाद गोपालगंज को प्रांत अधिवेशन की मेजबानी मिली है, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी जुटे हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अधिवेशन का कार्यक्रम
तीन जनवरी— विधिवत उद्घाटन, ध्वजारोहण, मंत्री प्रतिवेदन, निर्वाचन प्रक्रिया, सत्र व भाषण।
चार जनवरी— योग व व्यायाम, प्रस्ताव सत्र, शोभायात्रा, खुला अधिवेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम।
पांच जनवरी— विभागीय बैठक, व्यवस्था परिचय, आगामी कार्यक्रमों की घोषणा, समापन समारोह।
