तरकुलवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 देवी नगर में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या से लोगों को राहत मिलने जा रही है। नाली के अभाव में बीते एक वर्ष से मोहल्लेवासी घरों का गंदा पानी बाल्टी से निकालकर गांव के बाहर फेंकने को मजबूर थे। नगर पंचायत की पहल पर अब सीसी रोड के साथ नाली निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया है।
बताया गया कि मुंशी कुशवाहा के घर से होते हुए वार्ड सभासद विजय बहादुर के घर से आगे तक नाली नहीं होने के कारण जलजमाव की स्थिति बनी रहती थी। स्नान व बर्तन धोने जैसे दैनिक कार्यों में भी लोगों को परेशानी होती थी। समस्या को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने इसे कार्य योजना में शामिल कर 130 मीटर लंबी नाली के साथ सीसी रोड निर्माण को स्वीकृति दी। इसकी अनुमानित लागत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
नाली व सड़क निर्माण से मोहल्ले में जलनिकासी की समस्या दूर होगी और लोगों को घर का गंदा पानी बाल्टी से निकालने की मजबूरी से निजात मिलेगी। मोहल्लेवासियों रामदयाल शर्मा, देशराज कुशवाहा, मुंशी भगत, पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद और सभासद विजय बहादुर ने बताया कि यह समस्या काफी जटिल थी, जिसका समाधान नगर पंचायत के प्रयास से संभव हो सका।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा ने बताया कि वार्ड नंबर 6 में नाली न होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब नाली और सीसी रोड बनने से रास्ता भी दुरुस्त होगा और जलनिकासी की समस्या भी समाप्त हो जाएगी।

