बैतालपुर क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी की शिकायत पर हुए विवाद में अधेड़ की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया है। यह घटना एक सप्ताह पूर्व की है, जब युवती के परिजन उलाहना देने आरोपी के घर पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार 29 दिसंबर को बाजार से लौट रही युवती के साथ मनबढ़ युवक द्वारा छेड़खानी की गई थी। अगले दिन युवती के पिता और चाचा आरोपी पक्ष से शिकायत करने पहुंचे, जिस पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में युवती के चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान 31 दिसंबर की रात मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने हत्या और एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को अमरावती देवी, किशन और छोटेलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

