मुसैला बुजुर्ग गांव की मतदाता सूची में अनियमितता के आरोपों को लेकर जांच टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने बीएलओ पर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
सलेमपुर एडीओ पंचायत धीरेंद्र सागर के नेतृत्व में कानूनगो, लेखपाल और ग्राम सचिव की टीम ग्राम सचिवालय पहुंची। जांच के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अन्य ब्लॉकों और गांवों के मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कर दिए गए हैं, जबकि मुसैला बुजुर्ग के पात्र मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हैं।
पूर्व प्रधान सहित ग्रामीणों ने टीम को सूची में पाई गई अनियमितताएं दिखाईं। जांच शाम तक चलती रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि दोष पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

