बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के हेमू छपरा गांव में शनिवार शाम अलाव के कारण घर में भीषण आग लगने से एक वृद्ध की जलकर मौत हो गई। घटना में मृतक की पहचान स्व. ढोढ़ा राय के 74 वर्षीय पुत्र गुदर राय के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, ठंड अधिक होने के कारण वृद्ध अपने कमरे में अलाव जलाकर खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक खाट में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन घर के पास चल रहे ट्रैक्टर से मिट्टी भराई के कार्य के शोर के कारण परिजनों तक आवाज नहीं पहुंच सकी।
जब तक परिजनों की नजर पड़ी, तब तक वृद्ध बुरी तरह झुलस चुके थे। आनन-फानन में उन्हें बैकुंठपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है, जो जांच में जुट गई है।

