गोपालगंज शहर के मिंज स्टेडियम से रविवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के उत्तर बिहार प्रांत के 67वें प्रांतीय अधिवेशन के तीसरे दिन भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में बिहार के 19 जिलों से आए छात्र-छात्राओं और अभाविप कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” जैसे राष्ट्रवादी नारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी और बिहार-झारखंड क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल रहे। हाथी-घोड़े, बैंड-बाजा और डीजे के साथ निकली यह यात्रा पोस्ट ऑफिस चौक, जंगलिया मोड़, आंबेडकर चौक, घोष मोड़, पुरानी चौक, ब्रह्म चौक होते हुए मौनिया चौक पहुंची। इसके बाद थाना चौक, एसएस बालिका स्कूल और कैलाश होटल होते हुए पुनः मौनिया चौक पर शोभायात्रा का समापन हुआ।
शहर के विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया। समापन के बाद खुले अधिवेशन का आयोजन भी किया गया।

