गोपालगंज। बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश एक दिवसीय प्रवास पर गोपालगंज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सदर प्रखंड के निर्माणाधीन मानिकपुर पंचायत सरकार भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
सोमवार को जिला परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि जिला परिषद की भूमि के सुनियोजित विकास से स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इसके बाद जिला परिसदन में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुति दी। समीक्षा में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तृतीय चरण तक 96 प्रतिशत कार्य पूर्ण पाए गए। शेष 120 सोलर लाइट जनवरी तक लगाने का निर्देश दिया गया।
मंत्री ने कन्या विवाह योजना, 15वीं वित्त आयोग योजनाओं, उपयोगिता प्रमाण पत्र और अधूरी पंचायत सरकार भवन योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर रालोसपा जिलाध्यक्ष सुमेर प्रसाद और अरविंद कुशवाहा भी मौजूद रहे।

