मांझागढ़ (गोपालगंज)। प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में नालों की नियमित सफाई नहीं होने से सड़कों पर गंदे पानी का जमाव हो गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोइनी से सहलादपुर जाने वाली सड़क पर कोइनी हरिजन टोली गांव के समीप नाले की सफाई नहीं होने के कारण नाले का पानी सड़क पर फैल गया है। हालात ऐसे हैं कि बदबू और गंदगी से बचने के लिए लोगों को नाक पर रुमाल बांधकर सड़क पार करनी पड़ रही है।
इस समस्या से आक्रोशित ग्रामीण अलख राम सहित सैकड़ों लोगों ने नव-निर्वाचित बरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंजीत सिंह को आवेदन देकर नाले की तत्काल सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
वहीं, मांझा पूर्वी पंचायत के शेख टोली गांव में भी नाले की सफाई नहीं होने से पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। इससे इस मार्ग से आने-जाने वाले राहगीरों को रोजाना दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा लाखों रुपये खर्च कर नाले तो बनवाए गए हैं, लेकिन जलनिकासी और नियमित सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रत्येक माह नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए और पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क पर जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके।

