देवरिया। फर्म का बकाया भुगतान करने के एवज में रिश्वत मांगना ग्राम विकास अधिकारी को महंगा पड़ गया। एंटी करप्शन टीम ने बुधवार दोपहर करीब 2:35 बजे पकड़ी वीरभद्र गांव के पंचायत भवन से वीडीओ जयनारायण सिंह को 24 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कसया थाना क्षेत्र के परसौनी, कुशीनगर निवासी सतीश मणि पुत्र राजाराम की एसके ट्रेडर्स नामक फर्म ने देसही देवरिया विकासखंड के ग्राम सभा मुंडेरा इमिलिया में इंडिया मार्क टू हैंडपंपों का रिबोर, नाली निर्माण और कूड़ाघर की मरम्मत कराई थी। इस कार्य का करीब 80 हजार रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी ने भुगतान के लिए पहले 40 प्रतिशत, यानी 32 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और लगातार फर्म स्वामी को दौड़ाया। बाद में 30 प्रतिशत यानी 24 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी।
फर्म स्वामी ने एक सप्ताह पूर्व एंटी करप्शन टीम गोरखपुर से शिकायत की थी। गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही फर्म स्वामी ने तय रकम वीडीओ को सौंपी, टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को महुआडीह थाने लाया गया, जहां निरीक्षक शिव मनोहर यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
