देवरिया। नगर पालिका परिषद ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत नगर क्षेत्र में ई-रिक्शा के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा कचरा संग्रह करने का निर्णय लिया है। इस पहल के अंतर्गत नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि यह सेवा नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से संचालित की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक घर से प्रतिदिन गीला और सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहित किया जाएगा, जिससे कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन संभव हो सकेगा। ई-रिक्शा के उपयोग से जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं जीवाश्म ईंधन की भी बचत होगी।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से प्रदूषण में कमी आएगी और नगर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। नगर पालिका अध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की कि वे कचरे का पृथक्करण कर निर्धारित समय पर कूड़ा वाहन को दें और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।
