गोपालगंज से इस वक्त ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों बेरोजगार युवकों से ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 349 से अधिक पासपोर्ट, कई मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित ठगी नेटवर्क हो सकता है, जिसकी कड़ियां दूर-दूर तक फैली हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर हथुआ थाना क्षेत्र के मठिया गांव में छापेमारी की गई, जहां से आरोपी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी का नेतृत्व थानाध्यक्ष शोएब आलम ने किया। आरोपी बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देता था। भरोसा जीतने के बाद वह युवकों के पासपोर्ट, मोबाइल फोन, सीवी और अन्य जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लेता था।
छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से करीब 349 पासपोर्ट, कई मोबाइल फोन और दर्जनों सीवी बरामद किए गए। इतनी बड़ी संख्या में पासपोर्ट मिलने के बाद पुलिस भी हैरान है। पुलिस का मानना है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है और पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं, जिससे ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि विदेश जाने के लिए केवल रजिस्टर्ड और अधिकृत एजेंट से ही संपर्क करें, किसी के झांसे में आकर अपने मूल दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
