गोपालगंज जिले के मांझा प्रखंड में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बुधवार को मांझा पश्चिमी सरकार पंचायत भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जहां किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया गया।
इस शिविर में कृषि विभाग के अनिल प्रसाद और राजस्व विभाग के राजस्व कर्मचारी शशि भूषण सिंह द्वारा किसानों का फार्मर आईडी बनाया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिन किसानों का फार्मर आईडी बनेगा, वही किसान आगे चलकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, केवल उन्हीं किसानों का फार्मर आईडी बनाया जा रहा है, जिनके नाम से जमीन की जमाबंदी चल रही है। फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसानों से राजस्व लगान रसीद और आधार कार्ड आवश्यक दस्तावेज के रूप में लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही कृषि विभाग की ओर से किसानों का केवाईसी भी किया जा रहा है, जबकि राजस्व विभाग द्वारा फार्मर आईडी के लिए सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
शिविर में बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और फार्मर आईडी बनवाने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। किसानों का कहना है कि फार्मर आईडी बनने से उन्हें योजनाओं का लाभ मिलने में आसानी होगी।
