गोपालगंज में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित प्रगति यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा एवं बरौली विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक मनजीत सिंह ने संयुक्त रूप से बरौली प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की।

निरीक्षण कार्यक्रम के तहत सबसे पहले बरौली स्थित हेलीपैड का जायजा लिया गया। डीएम और विधायक ने हेलीपैड की स्थिति, साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मानकों की बारीकी से समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी आवश्यक कार्य समय से पूर्ण किए जाएं और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो।

इसके बाद बरौली प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां प्रशासनिक तैयारियों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और जनसुविधाओं की समीक्षा हुई। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रखंड कार्यालय प्रशासन की रीढ़ है, इसलिए मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान यहां किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरौली में संचालित जीविका दीदियों की रसोई का भी अवलोकन किया गया। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और संचालन व्यवस्था की जांच करते हुए निर्देश दिया गया कि यात्रा के दौरान रसोई की व्यवस्थाएं पूरी तरह सुदृढ़ रहें। इसके बाद बतरदे बांध का निरीक्षण कर सुरक्षा, मरम्मत कार्य और संभावित जोखिमों की समीक्षा की गई।

इस दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, जीविका डीपीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा विकास कार्यों की समीक्षा और जनता से संवाद का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं विधायक ने कहा कि इस यात्रा से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचेगा।