पैकौली क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर चार महिलाओं से करीब दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के पूर्व एजेंट ने महिलाओं को लोन दिलाने का झांसा देकर नगद और खाते में रुपये मंगवा लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया, जिससे महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ। मामले में एक पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

सुरौली थाना क्षेत्र के भेड़ापकड़ खुर्द गांव निवासी तेतरी देवी पत्नी गोविंद राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गोरखपुर जनपद का एक युवक पहले एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में एजेंट के रूप में कार्य करता था और गांव में पैसा कलेक्शन करने आता था। इसी दौरान उसका गांव में आना-जाना बढ़ गया और उसने महिलाओं को आसानी से लोन दिलाने का भरोसा दिया।

आरोप है कि दिसंबर माह में युवक ने एडवांस के नाम पर 50 हजार रुपये नगद ले लिए। इसके बाद बीमा कराने के बहाने अलग-अलग तारीखों में 61 हजार रुपये खाते में मंगवाए। साथ ही उसने गांव की गीता देवी पत्नी दीनानाथ से 16 हजार रुपये, लीलावती पत्नी मुन्ना राजभर से 19 हजार रुपये तथा खुशबू पत्नी रघुपति से 15 हजार रुपये ले लिए।

पैसे लेने के बाद आरोपी युवक लोन की बात टालता रहा और कुछ दिनों बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। जब पीड़ित महिलाओं ने संबंधित कंपनी में जाकर जानकारी की तो पता चला कि युवक काफी समय पहले ही वहां से नौकरी छोड़ चुका है। इसके बाद तेतरी देवी ने सुरौली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष सुरौली राकेश कुमार राय ने बताया कि ठगी का शिकार हुई महिलाओं द्वारा लिखित तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी युवक के बारे में छानबीन जारी है।