गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर नगर पंचायत अंतर्गत रामनगर वार्ड में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर मकान से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े, अन्य घरेलू सामान के साथ असलहा भी उठा ले गए। घटना के बाद पूरे वार्ड में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
रामनगर वार्ड निवासी प्रमोद प्रजापति एवं आनंद प्रजापति पुत्र स्वर्गीय हरिलाल प्रजापति का मकान लंबे समय से बंद था। जानकारी के अनुसार प्रमोद प्रजापति 27 दिसंबर को अपने ससुराल महाराष्ट्र के पुणे गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सुनसान मकान को अपना निशाना बना लिया।
14 जनवरी 2026 की भोर में जब प्रमोद प्रजापति घर लौटे तो बाहर से देखने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। घर के अंदर वाले मुख्य दरवाजे का ताला खुला मिला। अंदर जाने पर देखा गया कि सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
चोर घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद, करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े, अन्य कीमती सामान के अलावा मृत पिता हरिलाल प्रजापति के नाम से दर्ज असलहा भी चोरी कर ले गए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे गौरी बाजार प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि मकान मालिक लंबे समय से बाहर थे। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
