गोपालगंज।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में बिहार की धरती से जुड़े पटना के बांकीपुर विधायक एवं राज्य सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के नवनियुक्त होने पर गोपालगंज जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ जश्न मनाया।
जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि के नेतृत्व में शहर के मौनिया चौक पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि ने कहा कि यह सम्मान केवल भाजपा में ही संभव है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।
विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कार्यकर्ताओं को दिया जाने वाला सम्मान इस निर्णय से स्पष्ट होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी को युवा नेतृत्व सौंपकर यह संदेश दिया गया है कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता हैं। उन्होंने नितिन नवीन को कर्मठ, ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता बताया।
वहीं गोपालगंज सदर विधायक सुभाष सिंह ने इसे बिहार और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने मां थावे वाली से प्रार्थना करते हुए कहा कि नितिन नवीन का कार्यकाल पार्टी और देश के लिए स्वर्णिम साबित हो।
कार्यक्रम में मार्कण्डेय राय शर्मा, उमेश प्रधान, महामंत्री राजू चौबे, प्रशांत कुमार राजू, रितेश सिंह, आदर्श पाराशर, सानु सिंह, अभिषेक सिंह, नितेश कुमार, अजय सिंह, भरत सिंह, आनंद गुप्ता सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
