गोपालगंज।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में मंगलवार को बरौली पहुंचकर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने अधोसंरचना, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए युवाओं और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया। बरौली हाई स्कूल मैदान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देना है, जिसके लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य को मजबूत किए बिना रोजगार का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। इसी सोच के तहत स्कूल, कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों का विस्तार किया गया है तथा बड़ी संख्या में शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों की बहाली की गई है। सरकार का फोकस स्थायी रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार पर भी है, ताकि युवाओं को बिहार में ही आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका दीदियों की भूमिका बिहार की प्रगति में अहम रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पहले 10 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, जिससे महिलाएं छोटे स्तर पर रोजगार शुरू कर सकें। अब इस योजना का विस्तार करते हुए 10 हजार से रोजगार शुरू करने वाली जीविका दीदियों को दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अंतर्गत सारण तटबंध के किमी 80 से 152 के बीच उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण और सुरक्षात्मक कार्यों का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। इनमें थावे मंदिर संपर्क पथ, मीरगंज बाइपास, आरओबी, पुल-पुलिया निर्माण और कटैया औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली बाइपास सड़क शामिल है। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने सारण तटबंध के पास आयोजित किसान मेला सह कृषि यंत्र प्रदर्शनी-2026 का निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी ली और सिस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 40 प्रतिशत अनुदान का सांकेतिक चेक लाभुकों को सौंपा। उन्होंने कहा कि कृषि रोड मैप के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस है।
बरौली प्रखंड मुख्यालय में विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अभियान बसेरा, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मुस्लिम महिला परित्यक्ता/तलाकशुदा योजना और सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, चाबी और स्वीकृति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 316 करोड़ रुपये की लागत से 40 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिसमें 33 योजनाओं का शिलान्यास और सात योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा उन्होंने निर्माणाधीन बरौली प्रखंड कार्यालय भवन और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की।
