सिधवलिया (गोपालगंज)। महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कुशहर गांव से कोचिंग पढ़ने गई तीन नाबालिग छात्राएं रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। घटना को लेकर परिजनों में दहशत का माहौल है। स्वजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महम्मदपुर थानाध्यक्ष श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 6 बजे तीनों छात्राएं कोचिंग के लिए महम्मदपुर चौक पहुंची थीं। कोचिंग समाप्त होने के बाद वे घर वापस नहीं लौटीं। लापता छात्राओं में राजकिशोर महतो की 13 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी, दुलारचंद महतो की 14 वर्षीय पुत्री संतोषी कुमारी तथा सुरेश पटेल की 14 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी शामिल हैं।
तीनों छात्राएं एक साथ घर से निकली थीं। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाने में सूचना दी गई। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही छात्राओं का पता लगाने का दावा कर रही है।

