Gopalganj। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत योगेंद्र ऋषिकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेवतिथ के खेल मैदान में शुक्रवार की देर शाम आपसी वर्चस्व को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदली और फिर चाकूबाजी हो गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घायलों की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी प्रदीप कुमार (19), विनय कुमार, पिपरा गांव निवासी रूपेश कुमार तथा बनौरा गांव निवासी अजीत कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों की हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान विनय कुमार की स्थिति बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल चाकूबाजी के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

