Gopalganj। फुलवरिया थाना क्षेत्र के गणेश डूमर गांव में शनिवार को बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बच्चों के झगड़े को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो बच्चे और एक दंपती सहित चार लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुजीत तिवारी अपनी पत्नी विद्यावती देवी के साथ घर के पास बैठे थे। इसी दौरान उनके पोते पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रहे थे। खेल-खेल में बच्चों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि पड़ोस के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दस वर्षीय कृष कुमार और श्रवण कुमार को जख्मी कर दिया।
बच्चों को पिटता देख बीच-बचाव करने आए दादा और दादी को भी हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को फुलवरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

