Deoria। मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता को लेकर शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मा० प्रेक्षक Siddharth Jain (संयुक्त सचिव, सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार) ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी Divya Mittal एवं मुख्य विकास अधिकारी Rajesh Kumar Singh भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ मतदाता सूची से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित समस्याएं रखीं।
प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को सही ढंग से भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर पात्र नागरिक आसानी से मतदाता सूची से संबंधित कार्यवाही पूरी कर सकते हैं।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों एवं सुझावों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

