गोपालगंज। शहर के हजियापुर वार्ड संख्या–9 में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्घाटन सदर विधायक सुभाष सिंह, नगर परिषद के मुख्य पार्षद हरेंद्र चौधरी, उप मुख्य पार्षद रुकसाना खातून और वार्ड पार्षद कृति कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
आयोजन के दौरान चिकित्सकों की टीम ने कुल 320 मरीजों की जांच कर उपचार दिया। शिविर में सामान्य बीमारियों के साथ-साथ शुगर और ब्लड प्रेशर की विशेष जांच व्यवस्था की गई थी। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया, जिससे वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सके।
उद्घाटन अवसर पर सदर विधायक सुभाष सिंह ने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण और शहरी गरीब वर्ग के लिए बेहद उपयोगी हैं, क्योंकि ये लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हैं।
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार, जनरल फिजिशियन डॉ. अविनाश पाण्डेय एवं डॉ. आर.के. रंजन, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजीत कुमार तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आलिया अंसारी ने अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हजियापुर के युवाओं ने पंजीकरण, व्यवस्था और मरीजों की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।

