गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के पास अज्ञात अनियंत्रित वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेज दिया।
मृतकों की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के सती स्थान निवासी साइकिल दुकानदार सालमगिर अंसारी (46) और उनकी बेटी खुशबू खातून (23) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही डायल–112 की टीम और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि पिता–बेटी रिश्तेदार के यहां होने वाली शादी में शामिल होने के लिए गोपालगंज बाजार से कपड़े खरीदने गए थे। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर कुचायकोट लौट रहे थे। जैसे ही वे कोन्हवा मोड़ के समीप पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया।
हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल–112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है।

