गोपालगंज। शहर के जादोपुर रोड स्थित जिला परिषद के सभागार भवन में रविवार को भाजपा का जिला सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में भाजपा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय बजट 2026–27 की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को मजबूत दिशा देने वाला बजट बताया। साथ ही बजट के प्रावधानों को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी, विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार और सदर विधायक सुभाष सिंह ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन, नवाचार और कृषि सशक्तिकरण पर आधारित है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश के भविष्य के प्रति सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वक्ताओं ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने पर बधाई देते हुए इसे नीति, निरंतरता और सुशासन का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि 7 प्रतिशत से अधिक की विकास दर और महंगाई पर नियंत्रण विकसित भारत–2047 की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि ने बजट को “युवा बजट” बताते हुए कहा कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद से मिले सुझावों को इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण के लिए 40 हजार करोड़ रुपये और बायोफार्मा उद्योग के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत खादी और ग्रामीण शिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने, पर्यटन व सांस्कृतिक केंद्रों के विकास, 20 नए इनलैंड वॉटरवेज तथा पटना और वाराणसी में शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित करने की योजना सरकार की दीर्घकालिक विकास रणनीति को दर्शाती है।
सम्मेलन में नेताओं ने निष्कर्ष निकाला कि यह बजट गरीब, किसान, महिला और युवाओं सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा।

