गोपालगंज। कुचाय कोट प्रखंड के सेमरा में आयोजित सेमरा प्रीमियर लीग डबल बाइक कप क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को रोमांचक प्रदर्शन मैच खेला गया। यह मुकाबला प्रशासन मीडिया 11 और अभिप्रियम ग्रुप 11 (कुशीनगर) के बीच हुआ, जिसमें अभिप्रियम ग्रुप ने शानदार जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिप्रियम ग्रुप के कप्तान अभिषेक मिश्रा की टीम ने 12 ओवर में 171 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासन मीडिया 11 की टीम ने कप्तान सीओ मनी भूषण के नेतृत्व में कड़ा मुकाबला किया। टीम के उपकप्तान और प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा ने आक्रामक खेल दिखाते हुए नाबाद 97 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम 152 रन तक ही पहुंच सकी और मैच हार गई।

बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बीडीओ सुनील कुमार मिश्रा को मैन ऑफ द मैच दिया गया। मैच समाप्ति के बाद आयोजन समिति ने दोनों टीमों को ट्रॉफी प्रदान की और सभी खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्याम बिहारी पांडे, प्रिंस पांडे, भरत कुमार सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। मैच के दौरान मैदान पर खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा, वहीं बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी भी उपस्थित रहे।