गोपालगंज। विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलिवन सागर बाजार में सोमवार की रात माँ लक्ष्मी ज्वेलर्स एवं बर्तन स्टोर में हुई लगभग पांच लाख रुपये की भीषण चोरी मामले की जांच करने आधी रात को एसडीपीओ प्रांजल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े हर पहलू की जांच की।
जांच के दौरान एसडीपीओ ने मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सुरक्षा ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 24 घंटे सुरक्षा का दावा किया जा रहा था तो इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर दोषी पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, इस घटना से बलिवन सागर बाजार के दुकानदारों में भय और आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो सकें।
पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।

