समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को प्रिंस पैलेस, कोटवा चौराहा, कसया रोड पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 80 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 73 हिंदू और 07 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश राव, उपायुक्त मनरेगा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि 06 फरवरी 2026 को उत्सव लॉन, सलेमपुर में 151 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसमें सलेमपुर, लार, बनकटा, भाटपाररानी, बरहज, भागलपुर तथा आसपास की नगर पालिकाओं के लाभार्थी जोड़े शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं—जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में सीधे भेजे जाते हैं, 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है और 15 हजार रुपये आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।

