देवरिया, 05 फरवरी। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपदीय पुलिस ने बुधवार सुबह 5 से 8 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया। अभियान का उद्देश्य आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा देना और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।
अभियान के दौरान सभी थाना प्रभारी व थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में सुबह टहलने वालों से बातचीत करते नजर आए। पुलिस ने नागरिकों को मित्र पुलिसिंग के बारे में जानकारी दी और स्थानीय स्तर पर छोटे विवादों के समाधान का प्रयास किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान चोरी के वाहनों पर नजर रखी गई, तीन सवारी, मॉडिफाइड साइलेंसर, नाबालिग ड्राइविंग और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए सुबह की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।
पुलिस के मुताबिक पूरे जनपद में कुल 22 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 452 व्यक्तियों और 234 वाहनों की जांच हुई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 03 वाहनों का चालान भी किया गया।
देवरिया पुलिस ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि जनता की सुरक्षा, शांति और विश्वास मजबूत बना रहे।

