गोपालगंज। बैकुंठपुर थाना पुलिस ने कुख्यात कोढ़ा गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़े छिनतई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार अभियुक्त राजा सिंह (जुराबगंज, थाना कोढ़ा, कटिहार) को ग्राम दिघवा दुबौली स्थित SBI के पास से ढाई लाख रुपये की छिनतई के प्रयास के दौरान ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
पूछताछ में अभियुक्त ने हाल के दिनों में मोहम्मदपुर में महिला से 1,03,000 रुपये की छिनतई और 22 जनवरी को बैंक संचालक से लूट के प्रयास सहित कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर धर्मबारी मोड़ पुल के पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
मामले में बैकुंठपुर थाना कांड संख्या 44/26 के तहत BNS व आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

