देवरिया।
पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में विश्वास की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से आज 12 फरवरी 2026 को प्रातः 05:00 बजे से 08:00 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र में आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना, छोटे-मोटे विवादों को स्थानीय स्तर पर सुलझाना तथा मित्र पुलिसिंग की भावना को मजबूत करना रहा। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने चोरी के वाहनों, तीन सवारी, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहन, नाबालिग ड्राइविंग तथा अवैध असलहा और मादक पदार्थों के खिलाफ सतर्क निगरानी रखी।
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मॉर्निंग वॉक कर रहे नागरिकों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। आमजन ने इस पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना रहे।
