गोपालगंज। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भाठवा टोला चौमुखा गांव निवासी एक युवक की यूपी में गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान भाठवा टोला चौमुखा गांव निवासी सुकुल साहनी के 40 वर्षीय पुत्र रामाज्ञा साहनी के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार रामाज्ञा साहनी शुक्रवार की शाम अपने छोटे भाई रामू साहनी और अन्य साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के लार थाना क्षेत्र स्थित सोहागरा गंडक नदी में मछली मारने गए थे। इसी दौरान नदी के किनारे बनी एक सुरंग में उनका हाथ फंस गया, जिससे वह पानी में डूबते चले गए।
काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकलने पर साथ गए लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में सुरंग में फंसे हाथ की स्थिति में उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। पत्नी उर्मिला देवी पति की मौत की खबर सुनकर दहाड़ मारकर रोने लगीं और बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। वहीं मां और अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम शव गांव लाया गया, जिसके बाद रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और चार वर्षीय एक पुत्र आर्यन को छोड़ गया है।

