गोपालगंज। जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत विदेशी टोला में शनिवार को भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने मां-बेटे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विदेशी टोला निवासी योगेंद्र महतो की पत्नी रमिता देवी अपने पुत्र सोनू कुमार के साथ घर के पास बैठी थीं। इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने लगे। रमिता देवी और उनके बेटे ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष उग्र हो गया और लाठी-डंडे से हमला कर दोनों को बेरहमी से पीट दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मां-बेटे को इलाज के लिए थावे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

