गोपालगंज। समाहरणालय सभा कक्ष में पवन कुमार सिन्हा, जिला पदाधिकारी, की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और लंबित कार्यों पर कड़े निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान यह गंभीर तथ्य सामने आया कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास किए गए 45 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का कार्य अब तक जिले में कहीं भी प्रारंभ नहीं हुआ है। इस पर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया और विलंब के लिए जवाबदेही तय करने की बात कही।
पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा में कई प्रखंडों में कार्य पूर्ण पाया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भौतिक सत्यापन कर फोटोग्राफ सहित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर डीएम ने निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
सांख्यिकी विभाग की समीक्षा में मृत्यु निबंधन की उपलब्धि मात्र 40 प्रतिशत पाई गई। इस पर नाराज़गी जताते हुए शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित करने के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया।
राशन कार्ड की समीक्षा में गोपालगंज अनुमंडल में 500 तथा हथुआ अनुमंडल में 3000 से अधिक राशन कार्ड एक्सपायर पाए गए। इनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा में 14 हजार बकायेदार उपभोक्ताओं में से अब तक केवल 500 के कनेक्शन विच्छेद किए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में गौरव कुमार, उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज, अभिषेक कुमार चंदन, अनुमंडल पदाधिकारी हथुआ, धर्मेंद्र कुमार सहित जिले के सभी संबंधित वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

