देवरिया। जनपद में बेहतर जनसुनवाई, पुलिस के उत्तरदायित्व निर्धारण, संवेदनशीलता और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संजीव सुमन, पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देशन में संपन्न हुआ।
थाना समाधान दिवस के दौरान सभी थानों पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर पहुंचकर त्वरित निस्तारण भी कराया। इस अवसर पर जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए डेस्क सिस्टम लागू किया गया, जिसके तहत प्रत्येक थाने में हल्का प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारी ने अपने-अपने हल्का, ग्राम व बीट की अलग-अलग डेस्क लगाकर शिकायतें दर्ज कीं।
डेस्क सिस्टम के माध्यम से फरियादियों को सीधे संबंधित पुलिस अधिकारी से संवाद का अवसर मिला, जिससे शिकायतों की सुनवाई अधिक संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ की गई। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने कई मामलों में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया।
थाना समाधान दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों पर कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 28 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष समाधान के लिए इस तरह की पहल आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग और अधिक मजबूत हो सके।

