गोपालगंज। जिले में नशामुक्ति एवं सामाजिक पुनर्वास को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जन-जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर थावे मंदिर परिसर तक निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने की।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारी, जवान, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर नशा छोड़ने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। इसके उन्मूलन के लिए पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

