गोपालगंज। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के बंजारी रोड स्थित पुलिस लाइन परिसर से रविवार को भव्य शिव बारात निकाली गई। इस आयोजन में बिहार पुलिस एसोसिएशन के सहयोग से श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। हाथी-घोड़ों से सजी शोभायात्रा और आकर्षक झांकियों ने पूरे शहर का मन मोह लिया।
शिव बारात की शुरुआत पुलिस लाइन परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। बाहर से आए कलाकारों ने भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, कार्तिकेय और शिवगणों की जीवंत झांकियां प्रस्तुत कीं। डमरू की गूंज और भक्ति गीतों की मधुर धुन पर सैकड़ों श्रद्धालु झूमते नजर आए। “बम-बम भोले” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर सदर विधायक सुभाष सिंह, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं बिहार पुलिस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पंचम कुमार राही के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
शोभायात्रा पुलिस लाइन से निकलकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए आगे बढ़ी। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया, जबकि कई सामाजिक संगठनों की ओर से शीतल पेय और प्रसाद की व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसमें नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर सक्रिय रूप से लगे रहे।
आयोजकों ने बताया कि शिव बारात का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देना है। देर शाम तक भक्ति गीतों और जयकारों से शहर गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने इसे यादगार आयोजन बताते हुए भविष्य में भी ऐसे भव्य कार्यक्रमों की कामना की।

