देवरिया पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार 16 फरवरी 2026 को “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। यह अभियान प्रातः 05 बजे से 08 बजे तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।

अभियान के तहत सभी थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्षों द्वारा मॉर्निंग वॉक पर निकले आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया गया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए छोटे-मोटे विवादों का समाधान मौके पर ही करने का प्रयास किया गया तथा मित्र पुलिसिंग की भावना को मजबूत किया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान चोरी की वाहनों की पहचान, तीन सवारी चलने वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों का चालान, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक तथा अवैध असलहा व मादक पदार्थों पर विशेष निगरानी रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने संवाद के दौरान आमजन को मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान के उद्देश्यों और लाभों की जानकारी दी। आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।

अभियान के दौरान जनपद के कुल 12 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 216 व्यक्तियों एवं 116 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने पर 03 वाहनों का चालान भी किया गया।

जनपदीय पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियानों को आगे भी नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि आमजन में सुरक्षा, शांति और पुलिस के प्रति विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हो सके।