गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी स्थित बब्लू पेट्रोलियम के पास कथित तौर पर रुपये लेकर किशोरी को जबरन राजस्थान ले जाने की कोशिश को डायल 112 की टीम ने विफल कर दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने किशोरी को सुरक्षित बरामद किया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण जिले की रहने वाली एक किशोरी को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाया जा रहा था। आरोप है कि 20 हजार रुपये में उसकी शादी राजस्थान के एक युवक से तय की गई थी। गोपालगंज पहुंचने पर किशोरी ने शादी के बाद राजस्थान जाने से इनकार करते हुए विरोध शुरू कर दिया और शोर मचाया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोका और किशोरी को अपने कब्जे में लिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे जबरन राजस्थान ले जाया जा रहा था और वह इस शादी के लिए तैयार नहीं थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया।

स्थानीय निवासी प्रभु यादव ने बताया कि लड़की लगातार विरोध कर रही थी, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। वहीं डायल 112 के एसआई सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मामले की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी गई।

इस संबंध में मंगलवार को नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके पास इस मामले से जुड़ी कोई सूचना या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।