गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवान–सरफरा मुख्य पथ पर बड़ेया गांव के समीप सोमवार की शाम बाइक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मृतक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के जलालपुर कला गांव निवासी सुभाष ठाकुर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुभाष ठाकुर अपनी भाभी माया देवी और पड़ोसी कौशल्या देवी के साथ गोपालगंज से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ेया गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।

हादसे में सुभाष ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि माया देवी और कौशल्या देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत बरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही बरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।