गोपालगंज। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्राप्त आवेदनों की जांच कर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बताया गया कि जनसुनवाई के दौरान करीब 30 फरियादी एसपी के समक्ष अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। एसपी ने एक-एक कर सभी की बात सुनी और मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित थानाध्यक्षों व अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कई फरियादियों ने खुद को फर्जी मामलों में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए आवेदन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।

एसपी ने आश्वस्त किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। जनसुनवाई के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े अन्य मामलों पर भी चर्चा की गई।