गोपालगंज। आरक्षी अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माँझागढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के विश्वंभरपुर और झझवा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने कुल 35 लीटर अवैध शराब बरामद की है, हालांकि धंधेबाज मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माँझागढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि विश्वंभरपुर और झझवा गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। झझवा गांव में कुंदन साह के घर के पीछे से सात लीटर बंटी-बबली अंग्रेजी शराब बरामद की गई, लेकिन धंधेबाज पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

वहीं दूसरी ओर विश्वंभरपुर गांव में चंदन पासी, राजकुमार पासी और योगेंद्र पासी के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 28 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की गई। यहां भी आरोपी धंधेबाज फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने तीनों धंधेबाजों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

समाचार संकलन तक किसी भी धंधेबाज की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।