शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के अभियान के तहत गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बाइक पर लदी भारी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ने रामपुर टेंग्राही गांव के समीप गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 470 लीटर देसी व विदेशी शराब बरामद की। हालांकि छापेमारी के दौरान तस्कर पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर टेंग्राही गंडक नदी के किनारे दियारा इलाके में शराब माफिया बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तस्कर बाइक छोड़कर फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच बाइक पर बोरी में रखी शराब की खेप बरामद की। पुलिस ने बाइक समेत शराब को जब्त कर लिया। बरामद शराब में करीब 464 लीटर देसी और तीन लीटर विदेशी शराब शामिल है।
इस मामले में जादोपुर थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जब्त की गई बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्करों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तस्करों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
