गोपालगंज व्यवहार न्यायालय परिसर में आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर बुधवार को प्रचार अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार रथ शहर के विभिन्न सड़कों, मोहल्लों, चौक-चौराहों और वार्डों में घूम-घूमकर माइक के माध्यम से आम जनता को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक करेगा।

प्रचार रथ को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गोपालगंज श्रीमती गीता गुप्ता ने अन्य न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं की उपस्थिति में रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह प्रचार रथ न्याय का रथ है, जिसका उद्देश्य आम लोगों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर मामलों के निपटारे के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में पक्षकार अपने मामलों का निपटारा आपसी सहमति से करते हैं और लोक अदालत का फैसला अंतिम होता है, जिसके खिलाफ कोई अपील नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि यह आम जनता के लिए लंबित मामलों को जल्दी निपटाने का सुनहरा अवसर है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण विवाद, पारिवारिक मामले, सुलहनीय आपराधिक मामले, श्रम विवाद, माप-तौल संबंधी मामले, नीलाम से जुड़े मामले तथा ग्राम कचहरी में लंबित मामलों सहित विभिन्न प्रकार के सुलहनीय वादों का निपटारा किया जाएगा। जिन लोगों के मामले किसी न्यायालय या विभाग में लंबित हैं, वे संबंधित कार्यालय या लोक अदालत में संपर्क कर अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित करा सकते हैं।

इस मौके पर जिला अपर एवं सत्र न्यायाधीश कुमार सुधांशु, विभा द्विवेदी, संदीप कुमार, राकेश रंजन सिंह, धीरज कुमार मिश्रा, विवेक कुमार त्रिपाठी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अनूप कुमार उपाध्याय सहित कई न्यायिक पदाधिकारी और वरीय अधिवक्ता मौजूद रहे।