गोपालगंज। जिले में अवैध रूप से बलूई मिट्टी के खनन और परिवहन के मामले में खान विभाग की कार्रवाई के बाद नगर थाना में दो ट्रैक्टर मालिकों एवं चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी खान निरीक्षक सौरभ अभिषेक के बयान पर दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

खान निरीक्षक ने बताया कि 24 फरवरी को खनिज विकास पदाधिकारी के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभुका–हजियापुर रोड पर छापेमारी की गई। इस दौरान बलूई मिट्टी लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर चालकों से खनन और परिवहन से संबंधित कागजात की मांग की गई। लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे प्रथम दृष्टया अवैध खनन का मामला सामने आया।

पूछताछ के दौरान ट्रैक्टर चालकों ने बताया कि वे नगर थाना क्षेत्र के जागीरी टोला स्थित गंडक नदी से बलूई मिट्टी खनन कर बाजार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। जांच में पाया गया कि दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना परिवहन चालान के मिट्टी लेकर जा रहे थे। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगभग 70 फीट तथा दूसरे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर करीब 71 फीट बलूई मिट्टी लदी हुई थी।

कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर गांधी कॉलेज परिसर में सुरक्षित रखा गया है। नगर थाना की पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का खनन या खनिज परिवहन न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।