गोपालगंज। जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के नौतन हरैया गांव में गुरुवार को भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों द्वारा ससुर और बहू पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पहले बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई की और उन्हें बचाने पहुंची बहू पर फरसा व हसुआ से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावरों ने बुजुर्ग को नग्न कर उसका वीडियो भी बना लिया, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

घटना में घायल बुजुर्ग मो. जहरूदीन तथा उनकी बहू सबुजन नेशा को इलाज के लिए उचकागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि नौतन हरैया गांव निवासी मो. जहरूदीन का पड़ोसियों के साथ करीब छह कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पड़ोस के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मो. जहरूदीन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। शोर सुनकर घर में मौजूद उनकी बहू बाहर आई और ससुर को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान हमलावरों ने बहू के सिर पर फरसा से हमला कर दिया तथा गर्दन पर फरसा और हसुआ से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

घटना के दौरान बहू को गंभीर हालत में देखकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और उसे इलाज के लिए उचकागांव सीएचसी पहुंचाया। इसी बीच बुजुर्ग को अकेला पाकर हमलावरों ने उन्हें नग्न कर दिया और उनका वीडियो बना लिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।