गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े एक पुराने मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब एक माह से फरार अभियुक्त की तलाश कर रही पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता मिली। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भैसही तुरहा टोली गांव निवासी राधेश्याम बिन के पुत्र नेता बिन के घर छापेमारी की गई थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से रखी गई शराब बरामद की थी। हालांकि कार्रवाई के दौरान अभियुक्त नेता बिन मौके से फरार हो गया था।
इस मामले में पुलिस ने बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, लेकिन अभियुक्त हाथ नहीं लग रहा था।
इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार अभियुक्त नेता बिन अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही मांझागढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापेमारी की और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
