गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा पुर खास टोला लक्ष्मीपुर गांव के समीप हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल छा गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर गांव निवासी करीब 70 वर्षीय अवधेश खरवार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रविवार की सुबह अवधेश खरवार साइकिल से अपने घर से राजापुर बाजार जाने के लिए निकले थे। वह जैसे ही घर से कुछ दूरी पर पुर खास टोला लक्ष्मीपुर गांव के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है तथा पिकअप वाहन और चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।