देवरिया जिले के भाटपाररानी क्षेत्र में फुलवरिया–मझौली मार्ग पर शुक्रवार की भोर में ट्रक और पेट्रोल टैंकर की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो खलासियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सुरक्षित बच गया। हादसा फुलवरिया पेट्रोल पंप के पास हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार भारत पेट्रोलियम का पेट्रोल टैंकर मैरवा से पेट्रोल खाली कर बैतालपुर स्थित डिपो लौट रहा था। भोर के समय जब टैंकर फुलवरिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर में सवार दोनों खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गौरी बाजार थाना क्षेत्र के गुड़ही गांव निवासी शेषनाथ (35) पुत्र गिरधारी तथा बिहार के नालंदा जिले के बिहार शरीफ थाना क्षेत्र के बनौलिया गांव निवासी मोहम्मद अफरोज (45) पुत्र मोहम्मद शमी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी।

भाटपाररानी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार राय ने बताया कि ट्रक और टैंकर की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है